भारत स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन भी खेले गए मुकाबले
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बनी। भारत स्पोर्ट्स क्लब बनी की ओर से आयोजित पांच दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन भी मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। जे जे इलेवन ने रॉयल चैलेंजर्स दुग्गन को हराकर अपना मुकाबला जीता।
पहला मुकाबला जे जे इलेवन और रॉयल चैलेंजर्स दुग्गन की टीमों के बीच खेला गया। मुकाबले में जे जे इलेवन की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। निर्धारित 10 ओवरों में रॉयल चैलेंजर्स दुग्गन की टीम ने 68 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जे जे इलेवन की टीम ने एक ओवर शेष रहते हुए शानदार प्रदर्शन किया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला कठुआ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंकज डोगरा उपस्थित रहे। उनके साथ ब्लॉक प्रेसिडेंट लेक राज सुंदरम तथा संजय राजधान भी विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान पंकज डोगरा ने अपने संबोधन में कहा कि बनी क्षेत्र में क्रिकेट खेलने वाले युवाओं की संख्या काफी अधिक है, लेकिन क्षेत्र में आज तक कोई उचित क्रिकेट मैदान उपलब्ध नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की कि बनी क्षेत्र में एक आधुनिक क्रिकेट ग्राउंड का निर्माण करवाया जाए, ताकि यहां के युवा अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकें और खेलों के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बना सकें। वहीं, भारत स्पोर्ट्स क्लब के सदस्य मोहम्मद यासीन ने जानकारी देते हुए बताया कि टूर्नामेंट के तीसरे दिन एक मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें ड्रीम इलेवन और शिवाय इलेवन की टीमें आमने-सामने होंगी।