लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण सूखे की मार झेल रहे किसानों को मिली राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। लंबे समय से बारिश न होने के कारण खेतों में नमी की कमी से परेशान किसानों को बड़ी राहत मिली है। सिंचाई विभाग ने मंगलवार देर रात चुकंदर फीडर के माध्यम से कठुआ नहर में 300 क्यूसेक पानी छोड़ा। इससे इस नहर के नीचे हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि पर गेहूं की बुआई का रास्ता साफ हो गया है।
बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे जैसे ही चुकंदर फीडर से पानी कठुआ नहर में पहुंचना शुरू हुआ, किसानों ने राहत की सांस ली। धान की कटाई के बाद किसानों ने गेहूं की बुआई के लिए खेत तैयार कर लिए थे। अब पानी कूहलों के माध्यम से आसपास के गांवों तक पहुंचेगा। इससे किसान समय पर गेहूं की बुआई कर सकेंगे। गत 18 अक्तूबर को बेमौसमी बारिश और धान की कटाई के चलते नहर में पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई थी। इसके बाद से ही किसान गेहूं की बुआई के लिए नहरी पानी का इंतजार कर रहे थे। लंबे समय तक बारिश नहीं होने से खेतों की मिट्टी सूखने लगी थी।
किसानों की मांग को देखते हुए लिया गया निर्णय
सिंचाई विभाग के जिलेदार विक्रम शर्मा ने बताया कि किसानों की मांग और जरूरत को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। शाहपुर कंडी बैराज से मंगलवार रात 12 बजे के बाद पानी छोड़ने का फैसला किया गया। पहले पानी कश्मीर कनाल में छोड़ा गया। इसके बाद इसे चुकंदर फीडर के माध्यम से कठुआ नहर तक पहुंचाया गया। फिलहाल किसानों के लिए 300 क्यूसेक पानी की व्यवस्था की गई है। जिलेदार ने बताया कि यह आपूर्ति किसानों की वर्तमान जरूरतों को पूरा करेगी। यदि आगे सिंचाई के लिए अधिक पानी की जरूरत पड़ती है, तो इसकी आपूर्ति बढ़ाई जा सकती है। विभाग इसे बढ़ाकर 400 क्यूसेक तक करने में सक्षम है।