संघर्ष समिति ने विधायक से लगाई गुहार, जिले के करीब 1500 परिवार प्रमाणपत्र नहीं मिलने से परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। पहाड़ी भाषी पीओजेके विस्थापित परिवारों को अनुसूचित जनजाति (एसटी-2) के प्रमाणपत्र जारी नहीं होने का मुद्दा अब जोर पकड़ने लगा है। इस संबंध में जिला एसटी-2 संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुकंद लाल और नरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में विधायक डॉ. भारत भूषण से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी और मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि सरकार ने 15 मार्च 2024 को एसओ नंबर 176 के माध्यम से पहाड़ी भाषी लोगों को अनुसूचित जनजाति का दर्जा प्रदान किया था, लेकिन जिले में रहने वाले पीओजेके विस्थापित परिवारों को प्रशासन की ओर से एसटी-2 प्रमाणपत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं। समिति के अनुसार, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे करीब 1500 परिवार रहते हैं, जो इस सुविधा से वंचित हैं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राजोरी, पुंछ, जम्मू और कश्मीर के अलावा अन्य जिलों में रहने वाले उनके समकक्ष परिवारों को एसटी-2 प्रमाणपत्र जारी किए जा रहे हैं, जबकि जिले के पहाड़ी भाषी परिवारों को बिना किसी स्पष्ट कारण के इस सुविधा से वंचित रखा जा रहा है। समिति के सदस्यों ने कहा कि प्रमाणपत्र जारी नहीं होने के कारण प्रभावित परिवारों और उनके बच्चों के भविष्य, शिक्षा तथा रोजगार के अवसरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। विधायक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे, ताकि जिले के प्रभावित परिवारों की जायज मांग का समाधान हो सके।