बीते दो दिनों में सात-आठ वाहन हुए दुर्घटनाग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। कठुआ-कीड़ियां गंडयाल सड़क पर बिखरी बजरी वाहन चालकों के लिए परेशानी और हादसों का सबब बन रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार दो दिन पहले एक डंपर की पुलिस वाहन से टक्कर होने के बाद डंपर में लदी बजरी सड़क पर बिखर गई थी। इसके बाद से सड़क पर फैली बजरी को नहीं हटाया गया है। बजरी के कारण अब तक सात से आठ वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बजरी फैली होने के कारण दूधियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई दोपहिया वाहन चालक बजरी पर फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। स्थानीय निवासी संजीव शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभाग से जल्द सड़क की सफाई करवाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, देवेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध खनन और रात के समय बजरी से भरे टिप्परों की आवाजाही पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। पुलिस के नाके होने के बावजूद अवैध गतिविधियां जारी रहना विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने डीसी और एसएसपी से मामले की जांच करवाकर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अन्य स्थानीय लोगों ने भी सड़क पर फैली बजरी को तत्काल हटाने और सफाई करवाने की अपील की है।