कठुआ। जिला जल जीवन मिशन समिति की बैठक जिला विकास आयुक्त ओम प्रकाश की अध्यक्षता में हुई। इसमें हर घर को नल से जल योजना के तहत जिला कार्य योजना को मंजूरी दे दी गई है। बैठक में जल शक्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता सुरजीत सिंह ने बताया कि जिले के 443 गांवों को कवर करने के लिए 1369.51 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 278 जलापूर्ति योजनाएं बनाई हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित योजना तीन चरणों में लागू होगी, पहले चरण में 14 ब्लॉक, दूसरे चरण में 6 ब्लॉक और तीसरे चरण में 9 ब्लॉक होंगे।
डीसी कठुआ ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य दीर्घावधि के आधार पर नियमित रूप से लक्षित घरों को 55 एलपीसीडी पीने योग्य पानी की आपूर्ति करना है। जल शक्ति विभाग को स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मिशन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। उन्होंने जल शक्ति विभाग के इंजीनियरों को समयबद्ध इस मिशन को पूरा करने और मिशन मोड पर जलापूर्ति योजनाओं का कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य योजना अधिकारी, डीएफओ, जिला समाज कल्याण अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अलावा जिला जल जीवन मिशन समिति के मनोनीत सदस्य उपस्थित रहे।