25 अक्तूबर से शुरू हो रही छठ पूजा से एक दिन पहले चुकंदर फीडर से कठुआ नहर में पानी छोड़े जाने को लेकर सिंचाई विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। पंजाब सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार वीरवार की देर रात माधोपुर बैराज से कश्मीर नहर में पानी छोड़ा जाएगा। पूरे दो महीने बाद रावी दरिया के बीचोंबीच बाढ़ से क्षतिग्रस्त नहर की बहाली के बाद पहली बार नियमित रूप से पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे किसानों और नहर के किनारे छठ पूजा करने वाले लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई हैं। फिलहाल यह नहर अस्थाई रूप से बहाल की गई है।
24 अगस्त को रावी दरिया में आई भारी बाढ़ से माधोपुर बैराज के नजदीक लगभग 300 मीटर के करीब कश्मीर नहर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके कारण पिछले दो महीने से तीन हजार के करीब हेक्टेयर भूमि पर लगी फसलों को पानी नहीं मिल पाया है। इसमें 1200 हेक्टेयर जम्मू-कश्मीर की सिंचाई योग्य भूमि भी शामिल है, जो कश्मीर नहर पर बने चुकंदर फीडर से गर्मियों में प्रतिदिन 400 क्यूसेक पानी उपलब्ध होता है। बता दें कि पिछले दो महीने से पंजाब सिंचाई विभाग लखनपुर स्थित माधोपुर बैराज के पास क्षतिग्रस्त नहर को अस्थाई तौर पर बहाल करने में जुटा हुआ है, जिसका कार्य लगभग पूरा हो गया है।
पंजाब सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रदीप गौतम ने बताया कि वीरवार की रात को माधोपुर बैराज से कश्मीर नहर में पानी छोड़ दिया जाएगा। दो दिन पहले भी थोड़ी देर के लिए नहर में पानी छोड़ा गया था ताकि नहर की बहाली के किए गए कार्य की गुणवत्ता की जांच हो सके और नहर की क्षमता का पता लगाया जा सके। इसके बाद ही वीरवार देर रात पानी छोड़े जाने का निर्णय लिया गया।
माधोपुर बैराज से कश्मीर नहर से छोड़ा जाता है 1050 क्यूसेक पानी
रावी दरिया के माधोपुर बैराज से पंजाब सिंचाई विभाग द्वारा 1050 क्यूसेक पानी छोड़ा जाता है। इसमें से 400 क्यूसेक पानी चुकंदर फीडर से कठुआ नहर द्वारा जम्मू-कश्मीर को मिलता है। जबकि 150 क्यूसेक पानी कश्मीर नहर से लिफ्ट कर रावी-तवी नहर के माध्यम से जम्मू-कश्मीर को मिलता है। बाकी शेष पानी पंजाब के खेतों को दिया जाता है। छठ पूजा से पहले नहर में पानी छोड़े जाने की घोषणा के बाद बरमौरा स्थित नहर के किनारे औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों और किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। वहीं किसानों ने गेहूं बुवाई से पहले कठुआ नहर में पानी छोड़े जाने पर खुशी जाहिर की हैं।