- कहा, 23 हजार 400 करोड़ अपर्याप्त, इससे एमएसएमई पर वित्तीय दबाव पड़ रहा
बजट आवंटन मेंं वृद्धि, नए औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे की कमी सहित उद्योग संबंधी चिंताओं को किया इंगित
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। कठुआ इंडस्ट्रियल यूनिट्स एसोसिएशन की ओर से विधायक डॉ. भारत भूषण को ज्ञापन सौंपकर उद्योगपतियों की विभिन्न मुश्किलों को उजागर किया गया। इसमें जिला में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए बजट बढ़ाने की मांग की गई।
इसके साथ ही नए औद्योगिक क्षेत्र सहर लोगेट और बागथली मेें बुनियादी ढांचे की कमी, एनओसी और दस्तावेजीकरण प्रक्रिया को पूरा करने में संबंधित विभागों की ओर से देरी करने, घाटी एस्टेट में अपर्याप्त बिजली आपूर्ति और फायर ब्रिगेड स्टेशनों की स्थापना सहित अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। सोमवार को एसोसिएशन के सदस्यों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन की जानकारी देते हुए महासचिव सचिव संदीप मित्तल ने बताया कि जम्मू और कश्मीर के औद्योगिक विकास के लिए नई केंद्रीय क्षेत्र योजना के लिए बजट आवंटन में वृद्धि का अनुरोध किया गया है। बताया कि वर्तमान बजट 23 हजार 400 करोड़ अपर्याप्त है। इससे एमएसएमई पर देरी और वित्तीय दबाव पड़ रहा है। लिहाजा इसमें वृद्धि की जाए।
इसके अलावा समय पर भूमि उपयोग परिवर्तन, एनओसी और दस्तावेजीकरण को पूरा करवाने में संबंधित विभागों की ओर देरी से इकाइयों पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है। बताया कि अधिकांश औद्योगिक लाभों पर कुछ बड़ी इकाइयों का एकाधिकार हो गया है। जिससे प्रोत्साहन जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पा रहा है। साथ ही नये औद्योगिक क्षेत्र में खराब सड़के, बिजली की कमी सहित बुनियादी ढांचे में सुधार की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सभी मुश्किलों पर काम किया जाए तो इसे न केवल हजारों नौकरियों का सृजन होगा, बल्कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। जिससे राजस्व में वृद्धि होगी और निवेशकों को अधिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा। विधायक ने इन मुद्दों को संबंधित मंच पर उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने महाप्रबंधक, उद्योग से अपने कार्यालय में एक वरिष्ठ अधिकारी की अध्यक्षता में एक हेल्प डेस्क स्थापित करने को कहा, जो औद्योगिक इकाइयों में युवाओं के नामांकन और नियुक्ति के मामलों का समन्वय करेगा।