गरा में पंचायत घर की इमारत के निर्माण कार्य का नींवपथर रखते विधायक। - संवाद।
- 30 लाख की लागत से होगा निर्माण, कार्य शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। कंडी क्षेत्र की पंचायत गरा के लोगों को जल्द पंचायत घर की नई इमारत मिलेगी। जिसमें सरपंच, पंचायत सचिव के बैठने के लिए बेहतर सुविधा के अलावा आम लोगों के लिए भी बढ़िया हाल और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
सोमवार को इमारत का निर्माण कार्य शुरू हो गया। विधायक विजय शर्मा ने इसका नींव पत्थर रखा। उन्होंने बताया कि करीब 30 लाख की लागत से नया पंचायत घर बनकर तैयार होगा जिसमें पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारियों और आम लोगों के बैठने के लिए पर्याप्त जगह होगी और अन्य सभी उचित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसमें एक बड़ा हाल, कुछ कमरे और स्टोर की सुविधा होगी। इससे पंचायत स्तर पर होने वाली बैठकों, सरकारी योजनाओं की समीक्षा और आम जनता की शिकायतों के निवारण के लिए एक बेहतर स्थान मिलेगा।
उन्होंने कहा नया भवन पंचायत कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद करेगा और स्थानीय निवासियों को प्रशासन से जुड़े कार्यों में सहूलियत देगा। उन्होंने कहा केंद्र की मोदी सरकार ग्रामीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और उसी का नतीजा है कि आज इस पंचायत को भी सभी सुविधाओं से लैस पंचायत घर मिलने जा रहा है।
स्थानीय पूर्व सरपंच अश्वनी शर्मा ने कहा यह क्षेत्र के लोगों की बहुत पुरानी मांग थी। इसके लिए पहले भी प्रयास किए गए लेकिन किसी कारणवश यह काम शुरू नहीं हो पाया, चुनाव जीतने के बाद विधायक ने इस कार्य को पूरा करने का जिम्मा उठाया तो आज यह काम शुरू हो गया है। जिससे पूरी पंचायत के लोग बेहद खुश हैं।