दयाला चक में नोटिस के बावजूद लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया तो शनिवार को एसडीएम राकेश शर्मा पुलिस अधिकारियों के साथ यहां पहुंचे। हालांकि भाजपा के कुछ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद वह बिना कार्रवाई किए लौट गए। सोमवार को वह इन नेताओं के साथ बैठक कर आगे का फैसला लेंगे। बताया जाता है कि जैसे ही एसडीएम, एसएचओ एसएस सलाथिया के साथ मुख्य चौक पर पहुंचे, तो वहां लोग इकट्ठा हो गए। इस दौरान यहां कुछ भाजपा के नेता भी पहुंच गए। उन्होंने अतिक्रमण करने वालों को कुछ समय और देने की अपील की।
नेताओं ने एसडीएम को सुझाव देते हुए कहा कि सोमवार को बैठक कर विचार करते हैं कि अतिक्रमण पर कार्रवाई कैसे करनी है। इस सुझाव को एसडीएम ने स्वीकार करते हुए वापस जाने का निर्णय लिया। इसके साथ ही अतिक्रमण करने वालों को कुछ और समय मिल गया। गौरतलब है कि सड़कों पर अतिक्रमण के चलते लोग परेशान हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि राजनीतिक लोगों के दबाव के कारण यहां अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं हो रही है।