जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेते खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : kathua
नशामुक्त भारत अभियान के तहत दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता शुरू
कठुआ। नशामुक्त भारत अभियान के तहत समाज कल्याण विभाग की ओर से करवाई जाने वाली कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज हो गया है। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के सहयोग से जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में करवाए उद्घाटन मुकाबले में लखनपुर जोन की टीम ने जीत अपने नाम की है।
मंगलवार को शुरू होने वाली इस दो दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला समाज कल्याण अधिकारी वरुण चौधरी ने किया। इस मौके पर उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें केंद्र सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान का दूत बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज हमारे समाज में नशीली दवाओं का प्रचलन काफी तेजी से बढ़ रहा है। इससे सबसे ज्यादा युवा प्रभावित हो रहे हैं। हमें नशे की लत के शिकार होने बचने के साथ उन युवाओं को मुख्यधारा में लाने का भी प्रयास करना है।
चौधरी ने बताया कि इसके लिए उनके विभाग के माध्यम से जिला भर में अलग-अलग प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के जिला अधिकारी सुनील सिंह संब्याल ने बताया कि युवाओं को नशे से दूर करने के उद्देश्य से अंतर जिला कबड्डी के मुकाबले करवाए जा रहे हैं। इसमें कठुआ, बरनोटी और लखनपुर जोन की टीमों ने हिस्सा लिया है। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला कठुआ और लखनपुर जोन के बीच खेला गया है। जिसमें लखनपुर जोन की टीम ने 38-37 से जीत अपने नाम की है। इस मौके पर जोनल खेल अधिकारी सुचित्रा मेहता, गतिविधि प्रभारी प्रवीण सिंह लखनपुरिया के अलावा अन्य खेल अधिकारी मौजूद रहे। संवाद