ग्रामीण युवाओं में खेल भावना को बढ़ाने के अभियान को रफ्तार देते हुए नेहरू युवा केंद्र ने बुधवार को राजकीय हाई स्कूल फोरलेन में दो दिवसीय ब्लाक स्तर खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान युवाओं ने उत्साह के साथ विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लिया। प्रतियोगिता में वॉलीबाल, कबड्डी, लांग जंप, हाई जंप, सौ मीटर रेस आदि खेल प्रतियोगिता में दमखम दिखाया। कबड्डी के फाइनल मुकाबले में गुज्जर यूथ एसोसिएशन राजबाग टीम ने खरोट ए की टीम को 45:22 प्वाइंट से जीत दर्ज की।
सौ मीटर रेस प्रतियोगिता में दिलावर सिंह ने पहला स्थान अपने नाम किया। वहीं सुनील दत्त ने दूसरा और अरुण कुमार तीसरे स्थान पर रहे। लांग जंप मुकाबले में अरुण कुमार ने सभी को पीछे छोड़ते हुए पहले स्थान पर कब्जा जमाया और दिलाबर सिंह ने दूसरा व अभय सिंह ने तीसरा स्थान अपने नाम दर्ज करवाया। प्रतियोगिता में आतिरिक्त जिला उपायुक्त भरत भूषण ने मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विजयी प्रतियोगियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
उन्होंने मौजूद युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं में खेलों के प्रति रुझान बढ़ाने का कदम सराहनीय है। उन्होंने युवाओं को नशे तथा अन्य बुराइयों से दूर रह कर खेलों में भाग लेने का आह्वान किया। इस मौके पर युवा केंद्र के जिला समन्वयक सोम दत्त जर्द युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस खेल भावना को दो दिन तक ही सीमित नहीं रखना है और अपनी दिनचर्या में से हर दिन खेल के लिए समय निकालना चाहिए। इस मौके पर गांव के पूर्व सरपंच व पंचायत सदस्य भी मौजूद रहे।