हीरानगर। हाईवे किनारे सर्विस लेन पर अवैध पार्किंग लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है। कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। सर्विस लेन पर अवैध पार्किंग के कारण अकसर यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। पैदल चलने वालों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
चड़वाल, दयाला चक में अवैध ढंग से गाड़ियां पार्क करने वालों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। सड़क के दोनों किनारे दोपहिया और छोटे निजी वाहनों को पार्क कर लोग अपने काम पर चले जाते हैं। इसमें ज्यादातर लोग नौकरी पेशा वाले हैं जो संपर्क मार्गों से हाईवे तक अपने निजी वाहनों से आते हैं और इन्हें यहां खड़ा कर बसों में बैठकर आगे निकल जाते हैं।
दुकानदार सुरेंद्र कुमार ने कहा, सर्विस लेन पर लोग जहां जगह मिले, वाहन खड़ा कर अपने काम पर चले जाते हैं। सुबह से शाम तक यह वाहन इस सड़क पर खड़े रहते हैं। जिससे आम लोगों को तो परेशानी होती ही है दुकानदारों को भी नुकसान झेलना पड़ता है।
राजकुमार ने कहा कि सड़क के दोनों ओर अवैध पार्किंग के कारण यहां से वाहन लेकर गुजरना बेहद मुश्किल हो जाता है। कई बार तो लंबे समय तक जाम लगा रहता है। यातायात विभाग को अवैध पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई करनी चाहिए।