कठुआ जिले के पहाड़ी इलाके में हुई बर्फबारी
- फोटो : अमर उजाला
मौसम का मिजाज लगातार पांचवें दिन भी बिगड़ा रहा। पहाड़ों पर बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में बारिश जारी है। पिछले तीन दिन में ही जिले के मैदानी इलाकों में लगभग 40 एमएम बारिश रिकार्ड की जा चुकी है। पहाड़ों पर कई इलाकों में बर्फ की छह फुट तक परत जम चुकी है, तो दूरदराज के इलाकों में छह से आठ फुट तक बर्फ की परत जम गई है। बर्फबारी के चलते जिला प्रशासन ने पहले ही बनी और मल्हार शिक्षा जोन के स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए थे। पिछले तीन दिनों से इलाके के सभी स्कूल बंद हैं।
इन स्कूलों तक पहुुंचना बच्चों के लिए मुश्किल है, क्योंकि अधिकतर इलाके ऐसे हैं जहां कई-कई किलोमीटर का सफर तय कर बच्चों को स्कूल जाना होता है। उधर, संपर्क सड़कों को खासा नुकसान पहुंचा है। पहाड़ी इलाकों में पगडंडियों के सहारे चलना आम बात है, लेकिन बर्फ जमने से कई जगह रास्ते बंद हो गए हैं। उधर, बनी-डुग्गन, बनी-बसोहली, बनी-लोआंग, बनी-बरमोटा इलाकों में संपर्क सड़कें शनिवार को भी आंशिक रूप से प्रभावित रहीं। बिजली सेवा लगातार तीसरे दिन भी प्रभावित रही। बनी और डुग्गन समेत मल्हार के सैकड़ों गांव में बिजली का संकट बना हुआ है, जो मौसम खुलने के बाद ही हल होगा।