राजबाग से गांव भंबडवां तक सड़क मार्ग की खस्ता हालत और पेयजल समस्या के दूर न करने के विरोध में बुधवार को गांव के युवाओं ने लोक निर्माण विभाग और पेयजल विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
युवाओं ने जिला सचिवालय में आकर जोरदार नारेबाजी की। इसके बाद भूख हड़ताल पर बैठ गए। युवाओं ने चेतावनी दी कि अगर उनकी समस्याएं दूर नहीं की गई तो वह अनिश्चितकाल के लिए भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।
भूख हड़ताल पर बैठे रोमी शर्मा और रोमी अंडोत्रा ने कहा कि लंबे समय से राजबाग से भंबडवां तक के सड़क मार्ग की हालत को सुधारा नहीं गया है जिसके कारण अब सड़क की हालत दयनीय हो गई है। जनप्रतिनिधियों से कई बार सड़क की हालत सुधारने की मांग की गई, लेकिन आज तक किसी ने भी इस मार्ग की ओर ध्यान नहीं दिया है।
उन्होंने कहा कि जिला उपायुक्त को एक महीने से अधिक समय पहले इसी समस्या के हल के लिए जिला उपायुक्त से भी गुहार लगाई थी, लेकिन आश्वासन मिला। भूख हड़ताल के समर्थन में हड़तालियों के समर्थन में बैठे सुनील सिंह, अनिल सिंह, सुरजीत सिंह, हैपी कुमार आदि ने बताया कि गांव में अनियमित आपूर्ति के कारण पेयजल समस्या बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि हजारों की आबादी वाले इस गांव की समस्या दूर करने के लिए विभाग को कोई कदम नहीं उठा रहा है। युवाओं ने कहा कि एक दिवसीय भूख हड़ताल सांकेतिक मात्र ही है। अगर जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वह अनिश्चितकाल के लिए भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।