हीरानगर। कस्बे के ऐतिहासिक सुल्ताना चौक की तस्वीर अब बदलने वाली है। अब इस चौक की सुंदरता को और निखारने के लिए सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू होने जा रहा है।
लगभग सात लाख रुपये की लागत से चौक में तारकोल बिछाने के साथ-साथ अन्य कार्य किए जाएंगे। इसमें सड़कों की मरम्मत, सजावटी लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था और हरियाली बढ़ाना आदि शामिल हैं। यह कार्य लोक निर्माण विभाग की ओर से किया जाएगा।
जून महीने में यहां 75 फीट ऊंचाई पर स्थापित भव्य तिरंगे ने न केवल चौक की पहचान को नया आयाम दिया है बल्कि स्थानीय नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को भी गहराई से जागृत किया है। व्यापारियों और दुकानदारों ने खुशी जाहिर की है कि चौक की साज-सज्जा से ग्राहक आकर्षित होंगे और व्यापार भी बढ़ेगा।