प्रदेश के प्रवेशद्वार लखनपुर में कोरोना जांच के लिए लोगों की लंबी लंबी कतारें लग रही हैं। अनलॉक की प्रक्रिया तेज होने के साथ ही प्रदेश में दाखिल होने वाले लोगों की संख्या में भी भारी इजाफा देखने को मिल रहा है।
कॉरिडोर पर पहुंचने वाले लोगों में माता वैष्णो देवी यात्रा पर जाने वाले भक्तों के साथ-साथ श्रमिक वर्ग की संख्या अधिक है। अपने घरों से लौट रहे श्रमिकों को लखनपुर कॉरिडोर पर लंबी कतारों में लगकर जांच करवानी पड़ रही है। लोगों को खुले में घंटों खड़े रहना पड़ रहा है।
शुक्रवार को भी कई लोग अपनी बारी के इंतजार में पेड़ की छांव में बैठे नजर आए। उधर, शुक्रवार को जिले में संक्रमण के चार नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से एक यात्रा इतिहास के साथ सामने आया है। पूर्व में संक्रमित पाए गए 12 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, तो वहीं 49 सक्रिय मामले हैं।