हीरानगर। पथवाल पंचायत के वार्ड नंबर चार में बिजली की समस्या झेल रहे लोगों ने तहसील मुख्यालय के बाहर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने कहा कि एक तरफ बिजली विभाग स्मार्ट मीटर लगाने के लिए लोगों को प्रेरित कर रहा है और दूसरी तरफ न तो गांव में खंभे लगाए हैं और न ही तारों के हालत बेहतर हैं। प्रदर्शन में शामिल पूर्व पंच सुरेश शर्मा ने कहा कि विभाग बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुधारने को लेकर गंभीर नहीं है और स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी में अधिक गंभीरता दिखा रहा है।
इलाके में बिजली आपूर्ति के लिए न तो लोगों को पर्याप्त खंभे मिल रहे हैं और न ही बिजली के तार। उन्होंने कहा बिजली आपूर्ति व्यवस्था ठीक न होने के कारण लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर स्थानीय गांव के लोग संबंधी विभाग के अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे लेकिन अधिकारियों की अनुपस्थिति के बाद लोग एसडीएम से मिले। एसडीएम ने उनकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। लोगों ने कहा कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो शांतिपूर्ण तरीके से विभाग के कार्यालय के बाहर धरना शुरू करेंगे। संवाद