गुट्टू नागराम मंदिर में आयोजित भंडारे में उमड़े भक्त। संवाद
मंदिर में दिन भर जारी रहे भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक गतिविधियां
बनी। तहसील बनी के प्रसिद्ध नागराज मंदिर गुटू में वार्षिक भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ प्रसाद ग्रहण किया।
सोमवार को आयोजित भंडारे के चलते पूरे दिन मंदिर में भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक गतिविधियां चलती रहीं। इससे वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने गहरी आस्था और मनोकामना के साथ मंदिर में माथा टेका। इस अवसर पर सामाजिक संगठनों और विभिन्न व्यक्तियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुफ्त परिवहन सेवा उपलब्ध करवाई।
मंदिर के सेवादारों के अनुसार नागराज मंदिर विशेष रूप से क्षेत्र में भारी बारिश के दाैरान श्रद्धालुओं का केंद्र बनता है। मान्यता है कि मंदिर में की गई प्रार्थनाएं बारिश के कारण उत्पन्न समस्याओं से राहत दिलाती हैं। लोग नागराज से क्षेत्र में बारिश से जनजीवन प्रभावित नहीं होने के लिए विशेष प्रार्थनाएं करते हैं। जो श्रद्धालु सच्चे मन से नागराज मंदिर में मन्नत मांगते हैं उनकी इच्छाएं अवश्य पूरी होती हैं।
यह धार्मिक आयोजन स्थानीय लोगों और मंदिर कमेटी के सहयोग से संपन्न हुआ। यह वर्षों से चली आ रही परंपरा को जीवित रखता है। मंदिर कमेटी की ओर से भंडारे की तैयारियां एक माह पहले ही प्रारंभ कर दी गई थीं। सुबह से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लग गया और शाम 5 बजे तक प्रसाद वितरण किया गया।