कठुआ/बसोहली। जिले में भीषण गर्मी के दौर के बाद बुधवार को बारिश राहत लेकर आई है। पहाड़ी इलाकों में तेज हवाएं चलने से शीतलनगर के नजदीक बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचा है। खंभे और लाइनें क्षतिग्रस्त होने से शीतलनगर ब्लॉक की दस पंचायतों के साथ साथ पूरा बनी सब डिवीजन अंधेरे में डूब गया है। मौसम खराब रहने के चलते वीरवार को ही बिजली बहाल होने की उम्मीद है। उधर, सतसर के नजदीक पस्सियां गिरने से ठप हुए यातायात को बुधवार दोपहर बहाल कर दिया गया।
मैदानी इलाकों में बुधवार शाम साढ़े छह बजे के लगभग जोरदार बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दी। दिन का अधिकतम तापमान जहां 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं बारिश से तापमान में चार डिग्री सेल्स्यिस तक की गिरावट आई है। हवा में नमी की मात्रा बढ़ने से गर्मी का एहसास और भी बढ़ गया है। दिन में बच्चे नहर में राहत की डुबकी लगाते नजर आए।