हीरानगर सब डिवीजन में कूटा मोड़ के पास हाईवे जलमग्न,तरनाह नाला उफान पर संवाद न्यूज एजेंसीकठुआ/हीरानगर। मंगलवार को हीरानगर सब डिवीजन में भारी बारिश दर्ज की गई। कुछ देर की ही बारिश से जहां कूटा मोड़ के पास हाईवे जलमग्न हो गया और वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई। बारिश के बाद तरनाह नाला भी उफान पर आ गया। इससे डिंगा अंब इलाके में नाले को पार करने के लिए स्कूल से लौट रहे बच्चों और ग्रामीणों काो अपनी जान जोखिम में डालने को मजबूर होना पड़ा।
हीरानगर सब-डिवीजन में मंगलवार को अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश का असर अलग-अलग देखने को मिला। कुछ स्थानों पर तेज बारिश हुई तो कहीं हल्की बूंदाबांदी तक ही मौसम सीमित रहा। तेज बारिश के कारण कूटा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर पानी जमा हो गया। जिससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि कूटा मोड़ पर सड़क की स्थिति पहले से ही चिंता का विषय बनी हुई है। सड़क के बीचों-बीच बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोग लंबे समय से परेशान हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो गया है। जिससे हादसे का खतरा और बढ़ गया है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की हालत सुधारने और गड्ढों को जल्द भरने की मांग की है।