21 अप्रैल से एक्सट्रैक्टर खराब होने से बंद पड़ी आरटीपीसीआर जांच की जीएमसी में प्रक्रिया को एक पखवाड़े बाद बहाल कर दिया गया है। शुक्रवार को जीएमसी की माइक्रो बायोलॉजी लैब ने एक बार फिर आरटीपीसीआर सैंपलों की जांच शुरू कर दी है। बीते पंद्रह दिनों से कठुआ से आरटीपीसीआर के सीमित सैंपल लिए जा रहे थे, जिन्हें जांच के लिए जम्मू लैब में भेजा जा रहा था। ऐसे में रिपोर्ट भी तीन से चार दिन में हासिल होने से लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
जीएमसी में फिर से यह प्रक्रिया शुरू होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। जल्द से जल्द रिपोर्ट मिलने के बाद संक्रमितों का उपचार भी शुरू किया जा सकेगा। जीएमसी प्रधानाचार्य ने बताया कि फिलहाल रिपलेसमेंट में मशीन उपलब्ध करवाई गई है और पुरानी मशीन को रिपेयर के लिए लिया गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को आरटीपीसीआर के 350 सैंपल जांच के लिए लगाए गए हैं। संवाद