हीरानगर। आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत आयुष विभाग ने सोमवार को सलालपुर गांव व्यक्तिगत स्वच्छता जागरूकता शिविर लगाया। इसमें लोगों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए आयुर्वेदिक दवाइयां भी वितरित की गईं। आयुष के जिला अधिकारी डॉ. अजय कुमार टिक्कू की देखरेख में लगाए शिविर में डॉ. ज्योति शर्मा ने व्यक्तिगत स्वच्छता के बारे में लोगों को जागरूक करते कहा कि पौष्टिक खाना खाएं और खाना खाने से पहले हाथ जरूर धोएं। खाना खाने के बाद अच्छे से कुल्ला करें।
कई बार हम घरों में पौष्टिक खाना खाते हैं, लेकिन साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखते, जिसकी वजह से इसकी पौष्टिकता खत्म हो जाती है और स्वास्थ्य को कोई लाभ नहीं होता है। व्यक्तिगत स्वच्छता से स्वास्थ्य अच्छा रहता है। उन्होंने लोगों में आयुर्वेदिक दवाइयां वितरित करते कहा कि रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में इन दवाइयों का सेवन बेहद फायदेमंद साबित हुआ है। खास तौर पर बुजुर्ग इन दवाइयों का सेवन नियमित रूप से करें। शिविर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शक्ति देवी, रजनी देवी, आशा वर्कर गीता देवी ने अहम भूमिका निभाई और कुल 70 लोगों को यहां मुफ्त दवाइयां दी गईं। स्थानीय लोगों ने भी शिविर के लिए डॉक्टर और विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।