कठुआ। सिख पंथ के छठवें गुरु हरगोविंद सिंह साहब जी का प्रकाश पर्व शहर के गुरुद्वारा सिंह सभा में सिख संगतों ने श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया। कोरोना महामारी के कारण सीमित तौर हुए इस कार्यक्रम में रागी जत्थों के प्रस्तुत शबद कीर्तन व गुरुवाणी से संगत निहाल हुई।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा साहिब के मुख्य ग्रंथी भाई चरनजीत सिंह की अगुवाई में श्री अखंड पाठ के भोग के बाद भाई बलजीत सिंह के रागी जत्थे की तरफ से संगतों को गुरुवाणी कीर्तन के जरिए निहाल किया गया। गुरुद्वारा साहिब के प्रधान चरणजीत सिंह भोला ने लोगों को गुरुपर्व की बधाई दी। उन्होंने लोगों को श्री हरगोबिंद साहिब की शिक्षाओं पर चलने व समाज में शांति से मिलते रहने के लिए कहा। अंत में गुरु के अखूट का लंगर लगाया गया। जिसमें काफी संख्या में संगत ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर गुरुद्वारा साहिब के सलाहकार दलजीत सिंह, कैशियर अमरीक सिंह, मास्टर प्रवीण सिंह, मनमोहन सिंह, करनैल सिंह, अमरजीत सिंह, आदि उपस्थित रहे।