साइकिल रैली को झंडी दिखाते जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल (एलजी) मनोज सिन्हा।
कठुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पांच वर्ष में जम्मू कश्मीर की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय दोगुनी हो गई है। क्षेत्रीय भेदभाव कम हुआ है। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल (एलजी) मनोज सिन्हा ने रविवार को शहर में आयोजित जलतट (वाटर फ्रंट) के उद्घाटन समारोह में यह जानकारी दी।
कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत शहर में नहर किनारे जलतट विकसित किया गया है। इससे पहले उन्होंने एक निजी इकाई का भी उद्घाटन किया। साइकिल रैली को भी झंडी दिखाई।
एलजी सिन्हा ने बताया कि पांच साल पहले जहां जम्मू कश्मीर की अर्थव्यवस्था सवा लाख करोड़ रुपये की थी, यह अब 2.45 लाख करोड़ से ज्यादा पहुंच चुकी है। पांच साल में ही प्रति व्यक्ति आय भी दोगुनी हो गई है।
समारोह के दौरान उपराज्यपाल ने जिले के जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को स्टेडियम और ऑडिटोरियम बनाने के लिए जगह उपलब्ध करवाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जमीन उपलब्ध होने के तीसरे दिन ही इसका निर्माण शुरू करवा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जब वह उपराज्यपाल बनकर यहां आए तो उनके पास क्षेत्रीय भेदभाव के कई मामले आते थे लेकिन पिछले चार सालों के दौरान प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर में समान विकास करवाया गया है। इसलिए अब ऐसा नहीं है। भविष्य में भी यहां आने वाली विकास निधि सभी जिलों को समान रूप से ही मिलेगी।