पलाही में शिव मंदिर के जीर्णोद्धार का काम शुरू करवाते विधायक ठाकुर दर्शन सिंह।
कठुआ। पलाही के वार्ड संख्या 10 में स्थित प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार का काम कंजक पूजन के साथ शुरू हो गया है। विधायक ठाकुर दर्शन सिंह ने रविवार को इस कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यहां ऐसे भव्य मंदिर का निर्माण किया जाएगा कि इस आपशंभू मंदिर में हर भक्त दिव्य शिवलिंग के दर्शन करने पहुंचेगा।
स्थानीय ग्रामीण चमेल सिंह ने मंदिर का इतिहास बताया। उन्होंने कहा कि इस मंदिर में विराजमान शिवलिंग पांडवों के समय का बताया जाता है। बुजुर्गों के मुताबिक पुराने समय में खेत में हल चलाते समय यह शिवलिंग हल की चपेट में आता था और हल का नुकली हिस्सा टूट जाता था। इसलिए किसान ने यहां हल चलाना छोड़ दिया।
उसके बाद स्थानीय लोगों ने खेत में खोदाई की तो गहराई में जाकर पता चला कि यह शिवलिंग बड़ी शिलाओं पर बना था। इसके बाद यहां मंदिर की स्थापना की गई। तब से लोग इस दिव्य शिवलिंग पर जलाभिषेक कर रहे हैं।
स्थानीय निवासी अंकुश ठाकुर ने बताया कि वहां वर्ष में दो भंडारे आयोजित होते हैं जिनका प्रसाद ग्रहण करने आसपास से दूरदराज इलाके तक के लोग आते हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि वार्ड संख्या 10 के लोग निजी खर्च पर इस मंदिर का निर्माण कार्य करवा रहे हैं, लेकिन इस मंदिर के निर्माण कार्य में क्षेत्र के सभी लोगों के सहयोग की जरूरत है।