संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जीएमसी कठुआ के सहायक अस्पताल परिसर में पिछले दो साल से बंद पड़ी कैंटीन के शेड को अस्पताल प्रबंधन ने गिरा दिया। इस कार्रवाई का पूर्व में कैंटीन के संचालक ने हल्का विरोध किया। लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने इस मामले में कड़ा रुख दिखाते हुए उक्त निर्माण को जेसीबी मदद से गिराया है।
वीरवार की सुबह परिसर में पार्किंग स्थल के पास बने कैंटीन के पुराने शेड को हटाने के लिए जैसे ही कार्रवाई शुरू की गई, तो वहां कैंटीन के पूर्व संचालक ने पहले इसका विरोध किया। लेकिन जब अस्पताल प्रबंधन ने कड़ाई दिखाई तो बंद पड़े शेड में सामान रखा होने की बात कहकर कार्रवाई को बंद करवाने का प्रयास किया गया। लेकिन वहां मौजूद अस्पताल की अधीक्षक डॉ. संगीता अजरावत के आदेश के बाद जेसीबी की मदद से शेड को ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के संबंध में अधीक्षक ने बताया कि उक्त कैंटीन का ठेका दो वर्ष पूर्व ही खत्म हो चुका है। वहीं, परिसर की नई इमारत में सुविधा जनक कैंटीन शुरू भी हो चुकी है। ऐसे में इस निर्माण के बने रहने का कोई औचित्य नही था। इस बारे में दो से तीन बार कैंटीन के पूर्व संचालक को नोटिस भी दिया गया था लेकिन वह इस स्थान को खाली नहीं कर रहा था। जिसे आज हटा दिया गया है। ताकि खाली हुए स्थान का पार्किंग के लिए इस्तेमाल किया जा सके।