बिलावर में दूसरे दिन भी छाया रहा कोहरा
बिलावर। इलाके में मंगलवार सुबह भी घना कोहरा छाया रहा। आसमान से बरस रही ओस की बूंदों के कारण सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। शीतलहर के कारण ज्यादातर लोग घरों में दुबके हुए नजर आए। धुंध के कारण सड़कों पर दृश्यता कम रही, चालकों को वाहनों की लाइट आन करनी पड़ी।
खेतों में भी फसलों पर ओस की बूंदें जम गई हैं जिससे खेत में काम करने वाले किसानों को सुबह-सुबह काफी परेशानी हुई। दो दिन पहले हुई बारिश के बाद इलाके में सर्दी का दौर जारी है। इस वजह से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। लोग सर्दी से बचाव के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। कस्बों से ग्रामीण इलाकों में सर्दी का प्रकोप देखने को मिल रहा है वहीं मौसम विभाग के अनुसार उप मंडल में आने वाले दिनों में और अधिक ठंड का प्रकोप बढ़ने की संभावना है।