बसोहली में जांच के दौरान खाद्य सामग्री के सैंपल भरते अधिकारी विभाग
- फोटो : samvad
त्योहारों को देखते हुए बसोहली कस्बा के बाजार में शनिवार को प्रशासनिक टीम ने निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट पर पांच का चालान किया गया।
उपमंडल प्रशासन की ओर से गठित प्रशासनिक टीम में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी, नायब तहसीलदार, तहसील सप्लाई ऑफीसर, म्यूनिसिपल कमेटी के कार्यकारी अधिकारी की टीम ने पुलिस बल के साथ बाजार का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बाजार से कुल पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जिनमें खोया, पनीर, मिल्क केक, खोया बर्फी शामिल थे। इन नमूनों की प्राथमिक जांच के आधार पर पांच दुकानदारों के विरुद्ध चालान की सिफारिश की गई है। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 69 के अंतर्गत की गई।
वहीं, टीम ने दुकानदारों को साफ-सफाई, गुणवत्ता और उपभोक्ता स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की हिदायत दी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।