-दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, शॉर्ट सर्किट से लगी थी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। सीमा सुरक्षा बल की ऑक्ट्रॉय पोस्ट सुचेतगढ़ के पास पर्यटन विभाग के कार्यालय में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। इससे फर्नीचर, दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह अचानक पर्यटक विभाग के कार्यालय के रिसेप्शन सेंटर से आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे कार्यालय में फैल गई। पर्यटन विभाग के कर्मचारियों और बीएसएफ जवानों ने आग बुझाने के प्रयास किए पर सफल नहीं हो पाए। सूचना पर दमकल विभाग के कर्मियों ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सारा सामान जलने से विभाग को भारी आर्थिक क्षति हुई है। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के आदेश दिए हैं। उच्च अधिकारियों ने नुकसान का आकलन भी किया है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जा रही है। आरएस पुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।