कठुआ। गत शुक्रवार देर शाम को जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए हादसे में मारे गए व्यक्ति के परिजन में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर गहरा रोष है। उन्होंने पुलिस पर हादसे को लेकर सिर्फ केस दर्ज करने तक सीमित रहने का आरोप लगाया है। शनिवार को परिजन ने शव सड़क पर रखकर हाईवे पर प्रदर्शन किया।
मृतक के परिजन ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ के खिलाफ अपने गुस्से का इजहार किया। प्रदर्शन में शामिल विक्की कुमार और मुकेश कुमार ने बताया कि हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में एक बोलेरो की टक्कर लगने के मीरपुर जग्गो निवासी 50 वर्षीय कुंदल लाल पुत्र सरदारी लाल को जीएमसी कठुआ पहुंचाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें दे दिया गया है। लेकिन पुलिस ने अभी तक एक कदम भी आगे नहीं बढ़ाया। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करवा दी गई।
उधर, हाईवे पर पहुंचे तहसीलदार विक्रम कुमार और थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन लोग उनकी बात को अनसुना कर वहीं जमा रहे। जिसके बाद वहां आए नगरी ब्लॉक से जिला विकास परिषद के सदस्य संदीप मजोत्रा ने मामला शांत करवाया और आधे घंटे के बाद राजमार्ग पर आवाजाही बहाल हो पाई।