आनलाइन ठगी करने वाले इन दिनों लोगों की प्रोफाइल क्लोन कर उनके दोस्तों से उधार मांगने का काम कर रहे हैं। ताजा मामले में एसएसपी की प्रोफाइल की क्लोनिंग कर ली गई है। फेक प्रोफाइल बनाकर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भी भेजी जा रही है। उधर, एसएसपी ने अपने फेसबुक हैंडल से जहां लोगों को इससे सतर्क रहने के लिए आगाह किया है, वहीं मामले में सिटी पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
एसएसपी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है, जिसके बाद एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी जिले में कई राजनीतिक लोगों और पुलिस इंस्पेक्टरों की फेक प्रोफाइल बनाई जा चुकी हैं। लखनपुर थाना प्रभारी संजीव चिब के फेसबुक अकाउंट की चार बार क्लोनिंग की जा चुकी है।
एटीएम स्वैपिंग से लेकर ऑनलाइन शापिंग से हुई ठगी की शुरूआत के बाद तकनीक के सहारे ठग कई अन्य नए हथकंडे अपना रहे हैं। एसएमएस पर रोजाना लोगों को नई-नई योजनाओं, नौकरी से लेकर अन्य झांसे दिए जा रहे हैं। लॉटरी जीतने के नाम पर ठगने वाले अब लोगों को फोन की सेवाएं बंद होने से लेकर एटीएम ब्लाक होने और अपने नंबर शेयर कर कस्टमर केयर बन लूटने की ताक में हैं।
जिले में कई लोगों के पास ऐसे एसएमएस आ रहे हैं, जिनमें उन्हें लिंक आदि पर क्लिक करने या फिर वाट्सएप शेयर करने के बारे में मैसेज मिल रहे हैं। साइबर क्राइम के नए हथकंडे नया-नया इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों के लिए दिन प्रतिदिन मुसीबत करने जा रहे हैं।