रामकोट। तहसील के लाखड़ी में हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट विभाग की ओर से मिशन लाइफ पर केंद्रित दो दिवसीय प्रदर्शनी का सोमवार को आगाज हो गया। पश्मीना शॉल और बांस के फर्नीचर बने आकर्षण के केंद्र रहे।
कार्यक्रम का उद्घाटन डायरेक्टर हैंडीक्राफ्ट और हैंडलूम विभाग जम्मू सूरज प्रकाश रकवाल ने किया। कार्यक्रम में लोगों को मिशन लाइफ के अंतर्गत ऊर्जा व जल की बचत, सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने, सतत खाद्य प्रणालियों को अपनाने, अपशिष्ट कम करने, स्वस्थ जीवन शैली अपनाने और ई-वेस्ट को कम करने के विषय में बताया। लोगों से आह्वान किया गया कि वे पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली को अपनाएं, जिससे पर्यावरण को सुरक्षित एवं संरक्षित रखा जा सके। जिला स्तरीय इस प्रदर्शनी में बसोहली पश्मीना के शॉल और मफलर से लेकर पट्टू, स्थानीय ऊन से बने शॉल, महिलाओं के लिए कुर्ते, चंबा के साथ-साथ बसोहली चित्रकला और बांस से बने फर्नीचर आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इस अवसर पर पहुंचे कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कीं। इसके माध्यम से लोगों को पर्यावरण के संतुलन को बरकरार रखना के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर जिला विकास परिषद सदस्य नगरोटा गुजरु नारायण दत्त त्रिपाठी और महेंद्र सिंह मनकोटिया भी मौजूद रहे।