कठुआ। जिले में अवैध रूप से चलने वाले देसी शराब के कारोबार को रोकने के लिए आबकारी विभाग ने तीन अलग-अलग गांवों में दबिश दी। इस दौरान विभाग की टीम नेे 1250 किलोग्राम लाहन बरामद की। जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया है।
आबकारी आयुक्त किशोर सिंह चिब के निर्देशानुसार गठित टीम का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर रजी अहमद और अरुण कुमार की टीम ने तरफ सांझी, जराई और भागथली के इलाकों में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने इन इलाकों के निर्जन स्थानों पर छानबीन की, जहां कई स्थानों पर शराब का निर्माण करने के लिए छिपाई गई लाहन को बरामद किया गया। जिसे टीम ने वहीं मौके पर ही नष्ट कर दिया। विभाग के अनुसार अवैध रूप से बनने वाली शराब के निर्माण में मानकों का ध्यान नहीं रखा जाता है, जिसके कारण यह कई बार जानलेवा साबित हो जाती है। लिहाजा विभाग ऐसे शराब के कारोबार को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।