जिले में एक मार्च को जेकेएसएसबी की ओर से आयोजित की जा रही लिखित परीक्षा में 385 रिक्त पदों के लिए 34 हजार उम्मीदवार परीक्षा देने पहुंचने वाले हैं। इसके लिए जिले में 37 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। शनिवार को जिला सचिवालय के सभागार में चतुर्थ श्रेणी के लिखित परीक्षा के सुचारू संचालन की व्यवस्था की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित हुई। एडीसी कठुआ अतुल गुप्ता, एएसपी रमनीश गुप्ता, एसडीएम बनी जोगिंदर सिंह जसरोटिया, एआरटीओ, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक और अन्य संबंधित अधिकारी बैठक में शामिल हुए। डीसी को जानकारी दी गई कि जिले के 37 चिन्हित परीक्षा केंद्रों पर 27 फरवरी, 28 फरवरी और 1 मार्च को परीक्षा आयोजित की जानी है।
यह भी बताया गया कि जिला प्रशासन द्वारा गठित एक समिति ने सभी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया है। एएसपी कठुआ रामनीश गुप्ता को निर्देश दिया गया कि वे परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा कर्मचारी तैनात करें, साथ ही परीक्षा दलों को सुरक्षा कक्ष उपलब्ध कराएं। एआरटीओ कठुआ को निर्देश दिया गया था कि परीक्षा कक्ष से परीक्षा केंद्र तक वापसी के लिए परीक्षा सामग्री सुचारू तरीके से पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। डीटीओ कठुआ को परीक्षा सामग्री की सुरक्षित निगरानी के लिए जिला कोषालय और उप कोषालय बिलावर में सभी आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया। परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी के संबंध में डीआईओ कठुआ को निर्देश दिया गया।