सेवानिवृत्त सैनिक डीसी से मिलने जाते हुए। संवाद
- फोटो : kathua
जम्मू कश्मीर एक्स सर्विस वेलफेयर एसोसिएशन ने वन रैंक वन पाॅलिसी में बदलाव को बताया हतोत्साहित करने वाला
कठुआ। वन रैंक वन पालिसी में अफसरों को ज्यादा फायदा देने और जवानों को कम फायदा देकर उन्हें हतोत्साहित किए जाने का जम्मू कश्मीर एक्स सर्विस वेलफेयर एसोसिएशन ने आरोप लगाया है। शुक्रवार को एसोसिएशन के सदस्यों नें डीसी कठुआ डॉ. राकेश मिन्हास से मुलाकात करते इस आशय का ज्ञापन सौंपा है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को भेजे गए इस ज्ञापन में पूर्व सैनिकों ने इसमें बदलाव किए जाने की मांग की।
एसोसिएशन के चेयरमैन ज्ञान सिंह पठानिया के नेतृत्व डीसी से मिलने पहुंचे पूर्व सैनिकों में शामिल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोहर सिंह ने वन रैंक वन पालिसी में जवानों की अनदेखी पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्व सैनिक अब भी समान सम्मान, उचित सुविधाएँ एवं यथासमय कल्याण उपायों की आशा रखते हैं।
उन्हाेंने वन रेंक-वन पेंशन योजना में सभी पूर्व सैनिक एक समान पेंशन लाभ का अधिकारी बनाने, उनकी चिकित्सा सुविधाओं में सुधार किए जाने, पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में विशेष छूट एवं सहायताएं सुनिश्चित करने, पूर्व सैनिकों के लिए उचित आवासीय योजनाओं का क्रियान्वयन करने, परिवार की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए पारिवारिक पेंशन में तुरंत वृद्धि करने, निचले रैंक के पूर्व सैनिकों के लिए भी आवश्यक सुविधाओं के विस्तार एवं सुधार करने जैसी मांगों को दोहराया है। वहीं उन्होंने पहलगाम घटना के मामले में सरकार से कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की
इस मौके पर एसोसिएशन के बलबीर सिंह जसरोटिया ने कहा कि इन मांगों पर शीघ्रता से कार्यवाही न होने से पूर्व सैनिकों की प्रतिष्ठा और हक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई की इन मांगों के क्रियान्वयन से न केवल पूर्व सैनिकों को राहत मिलेगी बल्कि उनके परिवारों और समाज में भी एक सकारात्मक बदलाव आएगा। संवाद