संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। पूर्व सांसद चौधरी लाल सिंह गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान प्रोटोकॉल को लेकर खासे नाराज दिखाई दिए। पहले तो वे प्रशासन की ओर से की गई बैठने की व्यवस्था के हिसाब से नहीं बैठे। फिर अधिकारियों के मान-मनौव्वल पर भी नहीं माने। इसके बाद मंत्री सतीश शर्मा के संबोधन के बीच ही वह समारोह छोड़कर लौट गए।
चौधरी लाल सिंह ने उनके लिए बैठने की उचित व्यवस्था न किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। खेल स्टेडियम कठुआ में आयोजित मुख्य समारोह में पहुंचे सिंह ने कहा कि जो सीट उन्हें पसंद नहीं होती है, वो वहां नहीं बैठते। इसके बाद कहा, वह खड़े रह कर ही समारोह देखेंगे। वह साधारण लोगों के साथ बैठकर समारोह देख सकते हैं, लेकिन व्यवस्था सही नहीं है। मुख्य अतिथि की ओर से परेड की सलामी लेने के दौरान समारोह में पहुंचे पूर्व सांसद को मनाने के लिए विधायक राजीव जसरोटिया और विधायक डॉ. भारत भूषण के साथ-साथ डीडीसी सदस्य संदीप मजोत्रा ने उन्हें सीट ग्रहण करने का अनुरोध किया पर वह नहीं माने और लौट गए।
सिंह ने कहा कि संविधान दिवस पर देशभर में समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। उसके लिए सभी देशवासियों को मुबारकबाद, लेकिन जिन्होंने संविधान सभा के चेयरमैन का अपमान किया है। उन्होंने अभी तक माफी तक नहीं मांगी है। इन्होंने आइना-ए-हिंद की धज्जियां उड़ा दी हैं। आरोप लगाया कि देश से धर्मनिरपेक्षता पूरी तरह खत्म हो चुकी है। देश के साथ-साथ हमारी रियासत जम्मू-कश्मीर कहां जा रही है, यह केंद्र में बैठे लोगों को खुद भी नहीं पता।