रामकोट। पंचायत गलक के गांव कंथ जाने वाली 8 किलोमीटर सड़क पिछले कई वर्षों से खस्ताहाल पड़ी है, जिससे केवल दो पहिया वाहन ही कंथ गांव तक पहुंच पाते हैं।
जिससे लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नायब सरपंच मनु का कहना है कि गांव नंड से कंथ जाने वाली सड़क करीब 4 वर्ष पहले बनाई गई थी। जिस पर केवल अर्थ वर्क किया गया था। उन्होंने बताया कि आज सड़क की दुर्दशा ऐसी हो गई है कि उस पर केवल दो पहिया वाहन ही चल सकता है। स्थानीय युवा अर्जुन कुमार ने बताया कि गांव में सड़क सुविधा ना होने के कारण लोगों को कई तरह से परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि आधी रात को कोई बीमार हो जाता है तो पालकी में डालकर उसे धार सड़क तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने बताया कि कई बार आधी रात को बुजुर्ग बीमार हो जाते हैं तो उन्हें पालकी के जरिए धार ले जाया जाता है। पंच राजू ने बताया कि कई बार विभाग को इस सड़क के बारे में अवगत करवाया गया है लेकिन विभाग अभी तक हरकत में नहीं आया। सरपंच सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि बैक टू विलेज में भी इस सड़क के लिए विज्ञापन दिया गया था लेकिन अभी तक सड़क के निर्माण कार्य के लिए कोई कदम नहीं उठाया।
पंचायत प्रतिनिधियों ने सरकार से जल्द से जल्द नंड से कंथ जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य करने की मांग की है।