जिला न्यायालय की मुख्य इमारत के कार्यात्मक होने के छह महीने बाद भी अधिवक्ताओं को चैंबर की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। इसके चलते कई वकील या तो खुले में या परिसर में पेड़ों के नीचे टेबल-कुर्सी लगाकर बैठने को विवश हैं। अधिवक्ताओं के मुताबिक अभी भी चैंबर निर्माण का कार्य अधूरा है।
जिला न्यायालय परिसर के एक कोने में बने वकीलों के चैंबर को तोड़कर वहां दो मंजिला इमारत निर्माण करने का निर्णय लिया गया था। वित्तीय वर्ष 2021-22 में नए चैंबर निर्माण के लिए कुल तीन करोड़ 14 लाख रुपये की घोषणा की गई थी। इसमें दो मंजिला इमारत सहित कुल 36 चैंबरों का निर्माण करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन पिछले दो वर्षों से धीमी गति से हो रहे कार्य के कारण अभी तक चैंबरों का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। इसके चलते सैकड़ों वकील आज भी खुले में बैठकर पीड़ितों को न्याय दिलवा रहे है। वहीं निर्माण कार्य में जुटी जम्मू-कश्मीर हाउसिंग बोर्ड एजेंसी के अधिकारियों के अनुसार संबंधित विभाग की ओर निर्माण कार्य के लिए निर्धारित राशि जारी होने में हो रही देरी के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है।
बता दें कि कुल 30 करोड़ की लागत से पूरे कोर्ट परिसर को विकसित किया जा रहा है। इसमें न्यायाधीशों के कोर्टरूम और आवासीय सुविधा का पहले ही निर्माण हो चुका है, जबकि वकीलों के चैंबर और पार्किंग, कोर्ट की बाहरी सुंदरता सहित अन्य निर्माण कार्य अभी भी बाकी पड़े हैं।
जिला बार एसोसिएशन के साथ 218 अधिवक्ता हैं पंजीकृत
जिला बार की कार्यकारिणी कमेटी के अनुसार हाल ही में कुल 218 वकीलों ने बार एसोसिएशन के चुनाव में हिस्सा लिया था। इसमें से 150 से अधिक सक्रिय अधिवक्ता हैं जो कोर्ट में नियमित रूप से वकालत करते हैं। कुछ एक वकील को छोड़कर बाकी सभी वकील खुले में बैठने को मजबूर हैं।
छह महीने पहले न्यायाधीशों के कोर्ट रूम का हुआ था उद्घाटन
पांच अप्रैल 2025 को तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश जम्मू-कश्मीर व लद्दाख हाई कोर्ट ताशी रबस्तान ने नए कोर्ट परिसर का उद्घाटन किया था। इसमे छह न्यायाधीशों को कोर्ट रूम उपलब्ध करवाए गए थे। उसी समय तत्कालीन न्यायाधीश ने घोषणा की थी कि अगले तीन महीने में वकीलों को भी चैंबर उपलब्ध करवाए जाएंगे लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद भी अभी तक निर्माण कार्य भी पूरा नहीं हुआ है।
हाल ही में बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी कमेटी ने जिला सत्र न्यायाधीश से मुलाकात कर चैंबर निर्माण को जल्द पूरा करवाने की मांग की गई थी। जिला सत्र न्यायाधीश ने बताया था कि धन जारी होने की देरी के चलते चैंबरों का कार्य लटका हुआ है। उम्मीद है कि इसी महीने राशि जारी हो जाएगी, जिससे जल्द ही चैंबर के निर्माण कार्य पूरे हो जाएंगे। -वाई सी कटोच, अध्यक्ष बार एसोसिएशन कठुआ