एसडीएम फुलैल सिंह ने दयालाचक, छप्पड़ मोड़ और छन्न मोरियां में राष्ट्रीय राजमार्ग के चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दयालाचक में फुटपाथ और पुलों के नीचे से अतिक्रमण हटाने के लिए तहसीलदार और बीडीओ को निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों और व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने सर्विस लेन पर ब्लैक टॉपिंग और सड़क की मरम्मत की मांग की। इस पर एसडीएम ने प्रोजेक्ट मैनेजर और इंजीनियरों को दयालाचक और छप्पड़ मोड़ में एक सप्ताह के भीतर तारकोल बिछाने और गड्ढों को भरने का निर्देश दिया।
एसडीएम ने निर्माण कार्य को तेज करने और फ्लाईओवर के काम को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन परियोजना को जल्द पूरा करने में हर संभव सहायता प्रदान करेगा ताकि जनता को असुविधा न हो। इस दौरान तहसीलदार हीरानगर अनूप कुमार और अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।