हीरानगर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाए गए सर्विस लेन के फुटपाथ पर अतिक्रमण के खिलाफ स्थानीय प्रशासन, यातायात पुलिस और हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों ने दयाला चक में अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को फुटपाथ पर सामान न रखने की हिदायत दी।
लंबे समय से लोग यहां अतिक्रमण की वजह से जाम की परेशानी झेल रहे थे जिस पर यह कार्रवाई की गई है। डीटीआई पवन सिंह ने बताया कि हाईवे के विस्तारीकरण के चलते पहले ही यहां यातायात सर्विस लेन पर चल रहा है। ऐसे में फुटपाथ किनारे दुकानदारों की ओर से किया गया अतिक्रमण आम लोगों के लिए परेशानी पैदा कर रहा है। यातायात पुलिस के अलावा हीरानगर निकाय समिति के अधिकारी और हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी मौजूद रहे।
अभियान के दौरान फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया और दुकानदारों को चेतावनी दी गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की ओर से की गई इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि सर्विस लेने से हटाया गया अवैध अतिक्रमण आम लोगों के लिए बड़ी राहत है।