एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने बुधवार को जिला पुलिस लाइन कठुआ स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान जिले में सीमा ग्रिड को मजबूत करने, वीडीजी (विलेज डिफेंस ग्रुप) की भूमिका को सशक्त करने और पुलिस थानों में बीट सिस्टम को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने महत्वपूर्ण स्थलों, नाकों और नशा प्रभावित क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना के निर्देश दिए।
एसएसपी ने नशा तस्करी, अवैध खनन, एक्साइज उल्लंघन और गोवंश तस्करी जैसे मामलों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आतंकवाद से जुड़े ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्लू) और उनके समर्थकों पर निगरानी रखने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए। बैठक में बीट पेट्रोलिंग को नियमित और प्रभावी बनाने तथा बीट बुक रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने पर भी बल दिया गया। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में ओवर ग्राउंड वर्करों, संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध रूप से रह रहे लोगों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक का समापन जिले में शांति, समन्वय और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। अधिकारियों ने सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने और सतर्कता को बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। इस बैठक में अतिरिक्त एसपी कठुआ राहुल चाढ़क, डीएआर कठुआ, डीएसपी पीसी कठुआ, प्रोबेशनरी डीएसपी और सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस चौकी प्रभारी शामिल हुए।