कठुआ। आगामी जिला विकास परिषद चुनाव के दौरान सभी निर्वाचन क्षेत्रों में डोगरा स्वाभिमान संगठन अपने प्रत्याशी खड़े करेगा। इस बात की घोषणा संगठन के चेयरमैन चौधरी लाल सिंह ने की है।
वीरवार को कठुआ स्थित अपने आवास पर समर्थकों की बैठक को संबोधित करते हुए लाल सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद 370 हटा कर केंद्र शासित का दर्जा प्रदेश का दर्जा दे दिया। इससे यहां समस्याओं का समाधान होने के बजाय लोग परेशानियों में घिर गए हैं। केंद्र सरकार हमेशा जम्मू के डोगरों के साथ होने वाले भेदभाव का मुख्य कारण अनुच्छेद 370 को बताती थी, लेकिन इसके हटने के बाद अब समस्याएं और बढ़ गई हैं। इसके चलते उनके संगठन ने फैसला किया है कि वह जिला विकास परिषद के चुनावों में भाग लेते हुए सभी निर्वाचन क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी खड़े करेगी। उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन के दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं का समाधान करने का हर संभव प्रयास किया और आज भी वह इसके लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने तय किया है कि जिला परिषद के चुनाव में उनका संगठन बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगा, ताकि आम लोगों का प्रतिनिधित्व करने वाले लोग इस परिषद का हिस्सा बने और लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जम्मू-कश्मीर के हालात ऐसे हो गए हैं कि यहां समस्याएं खत्म होने के बजाय बढ़ती ही जा रही हैं। अधिकारी अपनी प्रयोगधर्मिता को अपनाकर नित नए आदेश जारी कर रहे हैं। इसका असर क्या होगा उन्हें भी नहीं पता है। पूरे देश में अनलॉक की प्रक्रिया के तहत अंतरराज्यीय परिवहन खोल दिया गया है, लेकिन जम्मू-कश्मीर आज भी बंद है। इससे साफ हो जाता है कि अभी भी जम्मू-कश्मीर में केंद्र सरकार के कानून नहीं चल रहे हैं। उन्होंने अपने समर्थकों को हर क्षेत्र से बेहतर प्रत्याशी की तलाश तेज करने के लिए कहा है।