बिलावर। उप जिला बिलावर में सोमवार को 27 लोगों की कोरोना जांच की गई, जिसमें पांच लोग संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल में 27 लोगों की सैंपलिंग की गई, जिसमें से पांच लोगों के करोना संक्रमित होने की पुष्टि की गई है। जानकारी के अनुसार पांच लोगों में से चार लोग जम्मू-कश्मीर बैंक गुड़ा कल्याल के मुलाजिम हैं। वहीं, एक संक्रमित बिलावर कस्बे का रहने वाला है।
गौरतलब है कि उपजिला बिलावर में कई दिनों बाद करोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद लोगों में एक बार फिर चिंता का माहौल है। इन दिनों बिलावर के गांवों और नगरों में लोगों ने बेपरवाह होकर फेस मास्क का उपयोग करना बंद कर दिया है। वहीं, सार्वजनिक स्थलों और बैंक शाखाओं के बाहर लोगों की भीड़ देखी जा सकता है। यात्री वाहनों में भी धड़ल्ले से ओवरलोडिंग की जा रही है। इलाके के वरिष्ठ नागरिक सतपाल शर्मा, बिशन दास, दुर्गादास शर्मा, हुकम चंद आदि ने प्रशासन से मांग की है कि कोरोना के खतरे को मद्देनजर रखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर जुटने वाली भीड़ को काबू किया जाए। वहीं, बिना फेस मास्क के घरों से बाहर निकलने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।