पाकिस्तान का झंडा जलाते भाजपा कार्यकर्ता।
भारत द्वारा पीओके में घुसकर आतंकी कैंपों को ध्वस्त करने के बाद पाक सेना द्वारा अखनूर में सीज फायर का उल्लंघन करने के विरोध में शुक्रवार को गांव छन्न मोरियां के ग्रामीणों ने पाक प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पाकिस्तान को समझ जाना चाहिए कि अब भारतीय सेना किसी भी ओछी हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे शाम लाल शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान ने उड़ी हमला करवाकर अपनी कायरता का सबूत दिया, लेकिन भारतीय सेना ने पीओके में जाकर हमले का बदला लिया। उसके बाद पाकिस्तान ने एक बार फिर अपनी कायरता साबित करने के लिए सीज फायर का उल्लंघन किया।
उन्होंने कहा कि बार बार पाकिस्तान सीन फायर का उल्लंघन करता आया है, जिससे साफ है कि पाकिस्तान के पास भारत के सवालों का कोई जवाब नहीं है। ऐसे में सीज फायर का उल्लंघन कर पाक आम जनता को निशाना बनाना चाहता है। उन्होंने कहा कि जब तक पाक आतंकियों को पनाह देना बंद नहीं करता है। तब तक भारत अपनी ओर से पाक के हर हरकत का मुंहतोड़ जवाब देता रहेगा।
प्रदर्शनकारियों में शामिल केवल कृष्ण, बंटी, मुकेश, रामपाल आदि ने कहा कि पाक प्रधानमंत्री भी जानते हैं कि भारत का मुकाबला नहीं किया जा सकता है। ऐसे में वह बार-बार केवल धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाक इस वक्त हर स्तर पर अलग-थलग पड़ गया है। ऐसे में सीज फायर का उल्लंघन करना उसकी कायरता को साबित करता है।