जम्मू। शिक्षा विभाग में सचिव स्तर पर फेरबदल के बाद अब 800 प्रवक्ताओं का तबादला कर दिया गया। शिक्षा विभाग के सचिव शांतमनु को बदलने का आदेश उपराज्यपाल ने गत मंगलवार को ही जारी किया था।
इसके अगले ही दिन इतनी बड़ी संख्या में प्रवक्ताओं को बदल दिया गया। यह आदेश सचिव शांतमनु ने ही जारी किए हैं।
शिक्षा विभाग में लेक्चरर के तबादला और नियुक्ति आदेश को सरकार के सत्तासीन होने के बाद सबसे बड़े फेरबदल के रूप में देखा जा रहा है।
प्रदेश सरकार ने 800 लेक्चरर के तबादला और नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। इन सभी को दूसरे स्कूलों में तैनाती दी गई है। तबादला आदेश में वरिष्ठ लेक्चर, लेक्चर और प्रभारी शामिल हैं।
इनमें अरबी के 11, बायोकेमेस्ट्री के नौ, बायोटेक्नोलॉजी के 16, बॉटनी के 103, केमिस्ट्री के 93, कॉमर्स के 16, कंप्यूटर साइंस के 17, इकोनॉमिक्स के 37, शिक्षा विभाग के 37, इलेक्ट्रॉनिक के चार, अंग्रेजी के 61, पर्यावरण विज्ञान के 49, भूगोल के छह, हिंदी के तीन लेक्चरर हैं।
इतिहास के 17, आईटी के आठ, हिसाब के 54, फारसी के दो, फिलासफी के एक, फिजिक्स के 70, राजनीतिक शस्त्र के 29, मनोविज्ञान और पंजाबी के एक-एक, समाजशास्त्र के आठ, सांख्यिकीय के तीन, उर्दू के 23 और भूगर्भ विज्ञान के 97 लेक्चरर का तबादला किया गया है। इस तबादले से जिन स्कूलों में प्रवक्ताओं की कमी चल रही थी, वहां प्रवक्ताओं की व्यवस्था हो पाएगी।
इस बारे में आदेश स्कूल शिक्षा विभाग सचिव शांतमनु ने किए हैं। सभी प्रवक्ताओं को तय समय पर ड्यूटी ज्वाइन करने को कहा गया है। इससे पहले शिक्षा विभाग में (एजीएमयूटी 2010) राम निवास शर्मा को बतौर स्कूल शिक्षा विभाग में सचिव पर पर नियुक्ति दी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने उपराज्यपाल के आदेश पर यह तबादला किया है।