कठुआ। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत महिला डिग्री कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन कर विद्यार्थियों को समाज में जारी भ्रष्टाचार के बारे में जागरूक किया।
शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम भ्रष्टाचार से मुक्ति के लिए संकल्प दिवस पर भ्रष्टाचार की बहुमुखी प्रकृति, व्यक्तिगत लाभ के लिए सत्ता का दुरुपयोग, भाई-भतीजावाद, सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन के अलावा आय से अधिक संपत्ति जमा करने को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में कार्यरत डीएसपी सनी गुप्ता ने भ्रष्टाचार में शामिल जटिल विनियमन, पारदर्शिता की कमी पर चर्चा कर इससे जुड़ी आर्थिक विकृतियां और बिगड़ती कार्य संस्कृति को उजागर किया गया। उन्होंने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में हाल ही में किए गए संशोधनों पर चर्चा कर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया, जबकि डीडी अभियोजन ने अपने संबोधन में वास्तविक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से भ्रष्टाचार की व्यापक प्रकृति को दर्शाते सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी, सार्वजनिक धन के गबन के उदाहरणों का हवाला दिया। उन्होंने फर्जी बिलिंग, अभिलेखों में हेराफेरी और व्यक्तिगत लाभ के लिए सत्ता के दुरुपयोग के मामलों पर भी प्रकाश डाला।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो एसपी कुलवंत सिंह जसरोटिया ने सभी उपस्थित लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में सतर्क सहयोगी के रूप में काम करने का आग्रह किया। वहीं, सत्र का समापन सत्यनिष्ठा शपथ के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने भ्रष्टाचार का मुकाबला करने और अपनी-अपनी भूमिकाओं में पारदर्शिता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जाहिर की।
इस मौके पर एडीसी कठुआ रंजीत सिंह, एसडीएम हीरानगर राकेश कुमार, सीएमओ कठुआ के अलावा जिला और क्षेत्रीय अधिकारी भी मौजूद रहे।