- कठुआ में चार्जिंग स्टेशन हुआ स्थापित, अब तक सुबह आठ से 11 बजे के बीच ही चलती हैं ई-बसें
- चार्जिंग स्टेशन से अब सुबह से शाम तक बढ़ाई जा सकेगी बस सेवा
- अंतर जिला और अंतर राज्यीय सेवा को बढ़ाए जाने की संभावना भी बढ़ी
खास खबर का लोगो लगाएं
पंकज मिश्रा
कठुआ। जिले में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नए साल में ई-बसों के परिचालन को विस्तार मिलने जा रहा है। कठुआ के नए बस अड्डे पर आपरच्युनिटी चार्जिंग स्टेशन तैयार हो गया है। इससे ई-बसों को कठुआ में भी चार्जिंग पोर्ट की सुविधा मिल गई है। फिलहाल यहां दो बसों को एक साथ चार्ज किया जा रहा है।
वर्ष 2024 के मई महीने में कठुआ और जम्मू के बीच शुरू हुई ई-बसों में गर्मी के दिनों में एसी और सर्दियों में हीटर की सुविधा उपलब्ध है। ऐसे में जम्मू से कठुआ का सफर आरामदेह हो गया है। परियोजना के तहत अब तक कठुआ में दो बसों का परिचालन किया जा रहा है। जम्मू से पहली बस सुबह 6:25 बजे और दूसरी बस सुबह 7:25 बजे कठुआ के लिए रवाना होती है। कठुआ पहुंचने पर दो घंटे का हाल्ट लेकर यह बसें 9:25 बजे कठुआ से लौटना शुरू होती हैं। लेकिन सुबह 11 बजे के बाद जम्मू-कठुआ के बीच कोई भी ई-बस सेवा नहीं है। बता दें कि पहले ई-बसें जम्मू में चार्ज होने के बाद गंतव्य के लिए निकलती थीं। अब यह सुविधा कठुआ में होगी।
चार्जिंग स्टेशन नहीं होने से बसों का अधिक परिचालन और उन्हें सुबह कठुआ से जल्दी रवाना करना मजबूरी बना हुआ था। लेकिन अब चार्जिंग स्टेशन स्थापित होने से इस समस्या का भी समाधान हो गया है। परियोजना के तहत इसके विस्तार में अंतर जिला और अंतर राज्यीय बस सेवा बढ़ाए जाने की सुविधा भी यह चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध करवाने जा रहा है। कठुआ के जनरल बस स्टैंड से जम्मू जाने के लिए ई-बस पकड़ने पहुंचे रमाकांत की मानें तो यात्रियों को बेहतर आवागमन की सुविधा देने वाली इन बसों की संख्या को बढ़ाकर लोगों को अल सुबह से देर शाम तक इसका लाभ दिया जा सकता है।
वहीं अगर इसे डीएमयू की तर्ज पर पठानकोट से भी जोड़ दिया जाए तो अंतरराज्यीय बसों की जो समस्या है उसका भी काफी हद तक समाधान हो सकता है। पूरी तरह से प्रदूूषण मुक्त हीटर और एसी की सुविधा वाली इन बसों के संचालन से कठुआ से जम्मू के बीच का सफर करने वालों का रुझान बढ़ रहा है। क्योंकि यात्रियों की सुरक्षा के लिए चार कैमरों से लैस इन बसों में सौ प्रतिशत डिजिटल टिकटिंग की सुविधा मिल रही है। वहीं, लाइव ट्रैकिंग की सुविधा भी इन बसों में है।
जम्मू से कठुआ के बीच अब तक 80 किलोमीटर की दूरी वहीं से चार्ज कर तय करने वाली जम्मू स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत फिलहाल दो बसों को यहां एक साथ चार्ज किए जाने की सुविधा उपलब्ध करवा दी गई है।