कठुआ। शुष्क मौसम में चलने वाली तेज हवा और वाहनों के चलने से उठ रहे धूल के गुबार ग्रेफ रोड के किनारे लोहांग में स्कूल जाने वाले सैकड़ों बच्चों और वृद्ध लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। उड़ती धूल के चलते लोगों का दिन का सुकून और रात का चैन खो गया है। सांस की बीमारियों से ग्रस्त लोग अधिक परेशान हैं। ग्रेफ के सुस्त रवैये के कारण समस्या दिन-ब-दिन विकराल होती जा रही है।
इस संबंध में सरपंच लोवांग नार्थ तौहीद मलिक ने बताया कि कच्ची सड़क पर जनता की सुविधा के लिए ब्लैक टॉप ऑफ रोड नहीं बनने तक पानी का छिड़काव करने का प्रावधान है, लेकिन उक्त सड़क पर पानी का छिड़काव बहुत ही कम किया जाता है। ग्रेफ के संज्ञान में लोगों की समस्या को कई बार लाया गया लेकिन कोई समाधान नही किया गया। सरपंच ने बनी प्रशासन से मांग की कि स्कूल जाने वाले मासूम बच्चों के स्वास्थ्य रक्षा के लिए ग्रेफ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दें। उन्होंने आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ हो रहे इस खिलवाड़ को बंद करने के लिए प्रशासन से दोषियों पर मामला दर्ज करने की मांग की। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता निसार अहमद बट ने कहा कि ग्रेफ इस सड़क का निर्माण 1989 से कर रहा है। लंबा समय बीतने के बाद भी सड़क निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। लिहाजा प्रशासन ग्रेफ को जवाबदेह बनाए और इस दूर-दराज के क्षेत्र में पर्यटन और अन्य गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बिना देरी के लोहांग क्षेत्र में सड़क के ब्लैक टॉप को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित करें, ताकि लोग राहत की सांस ले सके।