महानपुर। तहसील महानपुर क्षेत्र स्थित करणबाड़ा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पीएचसी महानपुर में पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह लगभग आठ बजे के करीब घर के पास खेतों में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने की परिजनों ने आवाज सुनी। पुलिस ने बताया कि गोली की आवाज सुनते ही परिजन देखने गए तो व्यक्ति खून से लथपथ था। घायल व्यक्ति को आनन-फानन में परिजनों और आसपास के लोगों ने पीएचसी महानपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने देखने के पश्चात व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक व्यक्ति की पहचान अनिल कुमार (44) पुत्र स्वर्गीय कृष्ण चंद्र निवासी करणवाड़ा के रूप में हुई है। मृतक मेडिकल स्टोर चलाता था। पुलिस ने धारा 174 के अंतर्गत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक को एक 13 साल का लड़का और एक 16 साल की लड़की है। मृतक की मां और पत्नी का रो-रो कर हाल बेहाल था। ग्रामीणों का कहना है कि अनिल बहुत ही सामाजिक व्यक्ति थे। लोगों की मदद के लिए एंबुलेंस रखी थी। हमेशा मदद को तैयार रहते थे। कोविड के समय भी अनिल ने लोगों को दवाइयां आदि देकर मदद की थी। अनिल की मौत से परिजन सहित गांव वाले सदमे हैं। किसी को भी विश्वास नहीं हो रहा कि अनिल अब इस दुनियां में नहीं है। अनिल अपने मां-बाप का इकलौता लड़का था। पिता की बहुत पहले ही मृत्यु हो गई थी। अब अनिल की मौत से उसकी मां गहरे सदमे है। मां के आंसू आंखों से रुकने का नाम नहीं ले रहा था।