बिलावर। फिंतर में शनिवार को जल शक्ति विभाग सहित अन्य कई विभागों में कार्यरत अस्थायी कर्मियों ने बैठक का आयोजन किया, जिसमें कई विभागों के अस्थायी कर्मचारी मौजूद रहे। अस्थायी कर्मियों के प्रधान बीरबल जलमेरीया की अध्यक्षता में हुई बैठक में अस्थायी कर्मचारियों ने सरकार से उनके लिए भर्ती नीति बनाने की मांग की और जल्द से जल्द बकाया वेतन का भुगतान करने की मांग की। इस अवसर पर अस्थायी कर्मचारियों ने कहा कि वह पिछले 20 से 25 वर्षों से जल शक्ति विभाग, बिजली विभाग और लोक निर्माण विभाग में बतौर अस्थाई कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन सरकार ने आज तक उनके लिए कोई भर्ती नीति नहीं बनाई है। उन्होंने कहा कि कई बार इस संबंध में सरकार के दरवाजे खटखटा चुके हैं लेकिन आज तक अस्थायी कर्मियों को स्थायी करने के लिए सरकार की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया है। अस्थायी कर्मी ने कहा कि पिछले 60 महीने का बकाया वेतन का भुगतान भी उन्हें नहीं किया गया है, जिससे इन दिनों उन्हें काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही है और इस महंगाई के दौर में गुजारा करना मुश्किल हो गया है। अस्थायी कर्मियों ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मांग की है कि जल्द से जल्द सरकारी विभागों में बतौर काम कर रहे अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी किया जाए, जिससे उन्हें राहत मिल सके। इस अवसर पर अस्थायी कर्मचारी कमलेश, जगदीश सिंह, अल्ताफ हुसैन, ओंकार मस्की, गिरधारी लाल, दिलक सिंह, मुल्क राज, विक्कू मगौत्रा, चरणजीत आदि मौजूद रहे।